अछनेरा (आगरा): कस्बे के ‘कमला गैस एजेंसी’ पर गैस वितरण के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 18 मार्च 2026 को हुई जब लाइन में लगने को लेकर एजेंसी कर्मचारियों और कुछ स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गैस एजेंसी के मालिक अशोक राणा ने शालीनता का परिचय देते हुए व्यक्तिगत रूप से फोन कर माफी मांगी थी। उन्होंने पीड़ित पक्ष से बात करते हुए कहा, “अगर आपको कोई भी दिक्कत है, तो बेटा मेरे पास आइए, हम मिल बैठकर समाधान करेंगे।” हालांकि, एजेंसी मालिक की इस पहल और सुलह की कोशिशों के बावजूद अराजक तत्वों पर इसका कोई असर नहीं हुआ
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 18 मार्च को छैलबिहारी और छत्रपाल (पुत्र गोवर्धन सिंह) गैस लेने आए थे। लाइन में लगने की बात को लेकर कर्मचारियों से उनकी बहस हुई। आरोप है कि अगले दिन, 19 मार्च की शाम को ये लोग अपने 10-12 अन्य साथियों के साथ दोबारा एजेंसी पहुंचे।
वहाँ मौजूद कर्मचारियों—बोबी, छोटू और जितेन्द्र—के साथ गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट में कर्मचारी बोबी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उपद्रवियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि ऑफिस के शीशे, कंप्यूटर (PC) और गैस चूल्हे भी तोड़ दिए। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मैनेजर द्वारा माफी की चर्चा: ताजा घटनाक्रम में यह बात सामने आ रही है कि विवाद को और बढ़ने से रोकने या किसी अन्य दबाव के चलते, गैस एजेंसी के मालिक/मैनेजर ने आरोपियों से फोन पर माफी मांगी है। हालांकि, घटना की लिखित शिकायत पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है।
पुलिस कार्यवाही: एजेंसी मैनेजर कुलदीप (पुत्र रामेश्वर सिंह) की ओर से थाना अछनेरा में नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

