फतेहपुर सीकरी (आगरा): 1857 की क्रांति की प्रथम महिला शहीद वीरांगना अवंतीबाई लोधी की स्मृति में रविवार को फतेहपुर सीकरी में उत्साह और उमंग का सैलाब उमड़ पड़ा। भव्य शोभायात्रा और विचार सभा के माध्यम से न केवल वीरांगना को नमन किया गया, बल्कि सामाजिक एकता और देशभक्ति का अनूठा संदेश भी दिया गया।
केसरिया ध्वजों और जयकारों के साथ वीरांगना अवंतीबाई लोधी की शोभायात्रा का आगाज
दोपहर करीब 2 बजे मटोलीराम की बगीची (कांदऊबार) से वीरांगना अवंतीबाई लोधी की शोभायात्रा का विधि-विधान से शुभारंभ हुआ। यात्रा में शामिल आधा दर्जन से अधिक सजीव झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। हाथों में केसरिया ध्वज लिए बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं ‘वीरांगना अवंतीबाई अमर रहें’ के नारे लगाते हुए चल रहे थे। कस्बे के प्रमुख बाजारों में स्थानीय निवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
वीरांगना अवंतीबाई लोधी का बलिदान राष्ट्र के लिए गौरव: पीतम सिंह लोधी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पीतम सिंह लोधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का बलिदान केवल एक समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे हथियारों के बजाय शिक्षा और जागरूकता को अपना हथियार बनाएं। उन्होंने जोर दिया कि यह आयोजन केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक वैचारिक क्रांति है।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में शोभायात्रा का समापन
शाम करीब 5 बजे देवी मंदिर (सीकरी चार हिस्सा) पर यात्रा का समापन हुआ, जिसके बाद श्रीजी पैलेस में मुख्य सभा आयोजित की गई। इस दौरान विधायक चौधरी बाबूलाल, विधायक प्रतिनिधि रामेश्वर चौधरी, और जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया सहित कई दिग्गजों ने वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर लाल सिंह लोधी, गुडडू चाहर, मिश्री लाल राजपूत, अर्जुन सिंह लोधी, डॉ. मुकेश राजपूत, अनेक सिंह वर्मा (एडवोकेट), डॉ. प्रेमपाल सिंह, डॉ. भरत सिंह, और राजकुमार प्रधान सहित कई ग्राम प्रधान और समाज सेवी उपस्थित रहे।

