• Wed. Mar 11th, 2026

UP LIVE 24X7

India #1 News Platform

राष्ट्र्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर विशेष आयोजन — व्याख्यानमाला, प्रदर्शनी और मल्टीमीडिया शो का भव्य कार्यक्रम

Spread the love
अहमदाबाद, 8 नवम्बर 2025 :
राष्ट्र्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय विचार मंच और भारत खोज संस्थान द्वारा “संघ की शताब्दी यात्रा – नेतृत्व की दिशा और भूमिका” विषय पर विशेष व्याख्यानमाला, प्रदर्शनी और मल्टीमीडिया शो का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 11 से 14 नवम्बर 2025 तक गुजरात यूनिवर्सिटी कन्वेंशन एवं एग्जिबिशन सेंटर, मेमनगर, अहमदाबाद में आयोजित होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 11 नवम्बर 2025, शाम 5:30 बजे गुजरात के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्रभाई पटेल के करकमलों से होगा। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ विचारक, प्रज्ञा प्रवाह और भारतीय विचार मंच के प्रतिनिधि, विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक क्षेत्रों के अग्रणी व्यक्तित्व तथा समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।

इस व्याख्यानमाला में देश के अग्रणी विचारकों में शामिल संघ के वरिष्ठ सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, श्री सी. आर. मुकुंद, श्री अतुल लिमये और श्री आलोक कुमार प्रमुख वक्ता के रूप में मार्गदर्शन देंगे। वे संघ के संस्थापक पू. डॉ. हेडगेवार से लेकर वर्तमान सरसंघचालक पू. मोहनराव भागवत तक के नेतृत्वकाल में संघ की दिशा, भूमिका और वैचारिक योगदान पर प्रकाश डालेंगे। इस अवसर पर गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी नागरिक, उद्योगपति, मीडिया प्रतिनिधि, शिक्षाविद, डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, वकील, और धार्मिक-सामाजिक क्षेत्र के अनेक प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

“संघ की शताब्दी यात्रा” नामक प्रदर्शनी में संघ के इतिहास से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज, छायाचित्र, आर्काइव्स और महान संघ नेताओं के विचारों का दृश्यात्मक प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनी और मल्टीमीडिया शो में यह दर्शाया जाएगा कि संघ ने स्वाधीनता संग्राम, राष्ट्रनिर्माण, और सेवाकार्यों में कैसे योगदान दिया। महात्मा गांधी, सरदार पटेल, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और कन्हैयालाल मुनशी जैसे महापुरुषों से संघ के संबंधों और सहयोग को भी विस्तार से प्रदर्शित किया जाएगा।
मल्टीमीडिया शो के माध्यम से संघ की स्थापना से लेकर आज तक की प्रेरणादायी यात्रा और उसके वैश्विक प्रभाव का श्रव्य-दृश्य अनुभव मिलेगा।

भारत सरकार की टंकशाला (मिंट), मुंबई द्वारा इस अवसर पर “100 Years of RSS” स्मारक सिक्के के विशेष विक्रय केंद्र का भी उद्घाटन किया जाएगा।
यह पहल इस ऐतिहासिक आयोजन को और अधिक स्मरणीय बनाएगी। आयोजक समाज के सभी इच्छुक नागरिकों को इस स्मारक सिक्के को संग्रहित करने के लिए आमंत्रित करते हैं।

भारतीय विचार मंच के महामंत्री श्री ईशान जोशी ने बताया कि“संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के जागरण का अवसर है। इस आयोजन का उद्देश्य संघ की मूल्य-प्रेरित यात्रा को समझकर राष्ट्रजीवन में नए उत्साह और वैचारिक शक्ति का संचार करना है।

भारतीय विचार मंच और भारत खोज संस्थान गुजरात के सभी प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित करते हैं कि वे इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सम्मिलित हों।
11 नवम्बर शाम 5 बजे से उद्घाटन समारोह, तथा 12 से 14 नवम्बर तक प्रतिदिन दोपहर 4 बजे से रात 8 बजे तक प्रदर्शनी, मल्टीमीडिया शो और व्याख्यानमाला का अवलोकन किया जा सकेगा।

संपर्क सूत्र:
भारतीय विचार मंच, अहमदाबाद
(प्रेस विज्ञप्ति: श्री ईशान जोशी, महामंत्री – भारतीय विचार मंच)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *