• Sat. Apr 11th, 2026

UP LIVE 24X7

India #1 News Platform

आगरा: बिचपुरी में सर्राफा व्यापारी से सरेराह लूट, बाइक सवार तीन बदमाशों ने छीना जेवरों से भरा बैग

ByKarmveer Singh

Mar 17, 2026
Spread the love

आगरा। ताजनगरी में बेखौफ बदमाशों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बिचपुरी मार्ग पर मंगलवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाया और सोने के जेवरों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे व्यापारी

जानकारी के अनुसार, पीड़ित नीरेश कुमार की बिचपुरी में विजय मेडिकल स्टोर के पास सोने-चांदी की दुकान है। रोजाना की तरह मंगलवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी दुकान मंगल कर (बढ़ाकर) अपने गांव अटूस के लिए निकले थे। जैसे ही वह बिचपुरी मार्ग पर सदरबन गांव से आगे अंसल एपीआई (Ansal API) के पास पहुंचे, पीछे से आए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

झपट्टा मारकर छीना बैग, 60 ग्राम सोना पार

पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह अपनी धुन में घर जा रहे थे, तभी एक काले रंग की बाइक पर सवार होकर तीन युवक पीछे से आए। जब तक नीरेश कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उनके हाथ पर झपट्टा मारा और जेवरों वाला बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 60 ग्राम सोने के आभूषण और जरूरी कागजात रखे हुए थे। लूट के बाद बदमाश पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए।

पुलिस जांच में जुटी, खंगाले जा रहे CCTV

सरेराह हुई इस लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बिचपुरी पुलिस चौकी इंचार्ज मोहित मलिक अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

  • पुलिस की कार्रवाई: पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घेराबंदी की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
  • CCTV फुटेज: अब पुलिस अंसल एपीआई और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना पर रोष व्यक्त किया है और पुलिस से जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *