फतेहपुर सीकरी (आगरा)। जनपद के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव नगला मानसिंह में एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ सरसों की कुटाई (मड़ाई) के दौरान एक दो वर्षीय मासूम बच्चा मशीन के क्रॉस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
खेत पर खेल रहा था मासूम, अचानक काल बनी मशीन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला मानसिंह औलेंडा निवासी आकाश के परिजन बीते शाम अपने खेत पर सरसों की कुटाई कर रहे थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिजनों ने अपने 2 वर्षीय पुत्र मानव को कटर मशीन के पास ही बिछी एक तिरपाल पर लिटा दिया था। काम के दौरान अचानक हवा या किसी अन्य अज्ञात कारण से वह तिरपाल मशीन के घूमते हुए क्रॉस की चपेट में आ गई। तिरपाल के साथ-साथ उस पर लेटा हुआ मासूम मानव भी मशीन के भीतर खिंच गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सरसों की मड़ाई के दौरान बड़ा हादसा
जैसे ही बच्चा मशीन की चपेट में आया, वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में मशीन को बंद किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, वहां सनसनी फैल गई। भारी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुँच रहे हैं।
सरसों की मड़ाई के दौरान बड़ा हादसा
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घर के इकलौते चिराग की इस तरह असमय विदाई से माता-पिता सुध-बुध खो बैठे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के हर शख्स की आँखें नम हैं। यह घटना क्षेत्र के किसानों के लिए भी एक बड़ी चेतावनी है कि मशीनरी के पास बच्चों को रखना कितना घातक साबित हो सकता है।

