आगरा। जनपद के पिढ़ौरा थाने में पुलिसिया बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक दरोगा पर आरोप है कि उसने महज वीडियो बनाने से नाराज होकर दो सगे भाइयों को बेरहमी से पीटा और थाने ले जाकर उन्हें ‘थर्ड डिग्री’ टॉर्चर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मामला रामपुर चंद सैनी इलाके का है। बताया जा रहा है कि ₹5000 के मामूली विवाद की सूचना पर पीआरबी के साथ दरोगा तालिब चौहान मौके पर पहुँचे थे। इस दौरान जब युवक ने पुलिस की कार्यवाही का वीडियो बनाना शुरू किया, तो दरोगा आगबबूला हो गए। आरोप है कि पुलिस बिना किसी लिखित शिकायत के युवक को जबरन उठा ले गई। जब बड़े भाई ने इसका विरोध किया, तो पुलिस उसे भी पकड़कर थाने ले आई।
3 घंटे तक थाने में टॉर्चर का आरोप
पीड़ित भाइयों का आरोप है कि थाने के भीतर उन्हें लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि पीड़ितों ने हाथ तोड़ने तक का आरोप लगाया है। लगभग 3 घंटे तक चले इस कथित टॉर्चर के बाद, उन्हें जेल भेजने की धमकी देकर छोड़ा गया।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस का एक्शन
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पूर्वी ने तुरंत संज्ञान लिया। शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी उपनिरीक्षक (SI) तालिब चौहान को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जांच के आदेश
आगरा कमिश्नरेट पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। डीसीपी पूर्वी ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एसीपी पिनाहट को सौंप दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ आगे की दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

