रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा)। किरावली कस्बा क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में एक 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में मिला। अस्पताल में उपचार के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया। मृतक के सिर और चेहरे पर ईंट-पत्थरों से हमले के गहरे निशान मिले हैं, जिससे मामला आपसी रंजिश या विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

बच्चों ने दी झाड़ियों में पड़े होने की सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभुआपुरा (किरावली) निवासी प्रिंस उर्फ गुल्लू (13 वर्ष) पुत्र बच्चू सिंह रविवार दोपहर को अचानक लापता था। दोपहर करीब 2:15 बजे डब्ल्यू कॉलोनी के पास खेल रहे बच्चों ने रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में एक किशोर को खून से लथपथ हालत में पड़े देखा। बच्चों की सूचना पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। किशोर के सिर और चेहरे पर बेरहमी से वार किए गए थे और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था।
मौके पर पहुंचे डीसीपी वेस्ट, दिए जल्द खुलासे के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने घायल प्रिंस को तत्काल एंबुलेंस के जरिए आगरा के अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत बेहद नाजुक बताई। आखिरकार, इलाज के दौरान किशोर की मौत हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी पश्चिमी (वेस्ट) आदित्य सिंह ने तुरंत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। डीसीपी ने हत्यारोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है।

सीसीटीवी फुटेज और रंजिश के कोण पर जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला किसी पुरानी रंजिश या आपसी विवाद का लग रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों व परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

