प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा):
थाना किरावली क्षेत्र के अंतर्गत मिड़ाकुर चौकी पुलिस ने जुआरियों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। मिड़ाकुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत सिंह मलिक की अगुवाई में पुलिस टीम ने छापेमारी कर जुआ खेल रहे 18 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से जुआरियों के कब्जे से ₹47,400 की नकदी, ताश के पत्ते व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

गश्त व चेकिंग के दौरान मिली सफलता, पुलिस टीम की सतर्कता आई काम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली त्योहार, शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के मद्देनजर मिड़ाकुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत सिंह मलिक के साथ उपनिरीक्षक मूलचन्द, हैड कांस्टेबल ललितेन्द्र चौहान (का. 1121), कांस्टेबल अतुल कुमार (का. 5039), रिक्रूट कांस्टेबल प्रमोद कुमार (का. 738), रिक्रूट कांस्टेबल राजतेवतिया (का. 1483) एवं कांस्टेबल विकास बैसला (का. 1497) की टीम क्षेत्र में मुस्तैद थी।
चेकिंग व गश्त के दौरान पुलिस को जुए के फड़ की सटीक सूचना मिली, जिसके बाद पूरी टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की और 18 जुआरियों को धर दबोचा।
एसीपी अछनेरा ने की पुष्टि, विधिक कार्रवाई जारी
मामले की पुष्टि करते हुए एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 18 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मिड़ाकुर पुलिस की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से किरावली क्षेत्र में सक्रिय जुआरियों और सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।

