फतेहपुर सीकरी। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुलारा और सुनहरा के विद्यालयों में विदाई समारोह का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस दौरान जहाँ एक ओर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों को विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

शिक्षा से ही पूरा होगा उज्जवल भविष्य का सपना: बीईओ
उच्च प्राथमिक विद्यालय सुनहरा में आयोजित कक्षा 8 के विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) रंजन गुप्ता उपस्थित रहे। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह एकमात्र माध्यम है जिससे आप अपने जीवन की नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं और अपने माता-पिता के सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर सत्र के मेधावी छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमेंद्र फौजदार, प्रधानाध्यापक मोरध्वज सिंह, शिक्षिका कामिनी सिंह, पारुल श्रीवास्तव, शुचि मित्तल, नाहर सिंह डागुरु और सविता देवी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दुलारा में फूलों और उपहारों से विदा हुए नन्हे छात्र
वहीं, प्राथमिक विद्यालय दुलारा में कक्षा 5 के छात्रों के लिए विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा छात्रों को फूल-मालाएं पहनाकर और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। प्राथमिक शिक्षा का सफर पूरा कर आगे बढ़ रहे छात्रों और उन्हें विदा कर रहे शिक्षकों की आँखें इस दौरान नम हो गईं।
इस कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक भगवान सिंह, प्रियंका पाल, अभिलाषा फौजदार, जगन्नाथ सिंह, शक्ति मिश्रा, सविता सिंह, लता सिंह, भूपेंद्र गुप्ता, छवि शर्मा, मोहित शर्मा और अनीता सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

