रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
वृंदावन (मथुरा): धर्मनगरी वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा एक स्टीमर तेज हवाओं और संतुलन बिगड़ने के कारण पीपा पुल से टकराकर पलट गया। इस हृदयविदारक घटना में अब तक 8 पर्यटकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
पंजाब से दर्शन करने आए थे सभी पर्यटक
हादसे का शिकार हुए सभी लोग पंजाब के जगरावा इलाके के रहने वाले हैं और मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। चश्मदीद पर्यटक मनोहर लाल ने बताया कि नदी के बीच में अचानक हवा की रफ्तार तेज हो गई, जिससे स्टीमर डगमगाने लगा। रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पानी में समा गया।
युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। बचाव कार्य के लिए SDRF और NDRF की टीमों को तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर 50 से अधिक गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। गोताखोर गुलाब के अनुसार, अब तक लगभग 15-17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
खराब मौसम बना हादसे का कारण
मौसम विभाग (स्काईमेट) के अनुसार, हादसे के समय वृंदावन में हवा की गति लगभग 31 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज हवाओं ने स्टीमर के संतुलन को बिगाड़ दिया, जो अंततः इस भीषण हादसे का कारण बना।
प्रशासन की अपील
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा:
“यह एक बेहद दुखद घटना है। प्रशासन पूरी शक्ति के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा है। 16 से 17 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है और घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।”
मौके पर भारी भीड़ जमा होने के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और बचाव दल का सहयोग करने की अपील की है।

