प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP LIVE 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा):
किरावली तहसील क्षेत्र के गांवों व कस्बों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र न बन पाना बड़ी समस्या बन गया है। पिछले करीब 15 दिनों से तहसील के लेखपालों द्वारा प्रमाण पत्रों के आवेदनों पर अपनी रिपोर्ट न लगाए जाने के कारण यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है।
इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के किरावली से सभासद (वार्ड नं. 8) राम नरेश सिंह इंदौलिया (रेनू सिंह) ने उपजिलाधिकारी (SDM) किरावली को एक ज्ञापन सौंपा और शीघ्र निस्तारण की मांग की।

भर्तियों और दाखिलों के समय प्रमाण पत्र न मिलने से बढ़ा संकट
उपजिलाधिकारी किरावली को दिए गए ज्ञापन में सभासद राम नरेश सिंह इंदौलिया ने बताया कि तहसील किरावली के अंतर्गत आने वाले समस्त ग्रामों एवं कस्बों के बच्चों को स्कूलों में दाखिले तथा विभिन्न सरकारी नौकरियों में आवेदन के लिए आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों की तत्काल आवश्यकता होती है।
वर्तमान में कई विभागों में भर्तियां चल रही हैं, जिनमें समय सीमा के भीतर निवास व जाति प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है। लेकिन पिछले 15 दिनों से लेखपालों द्वारा रिपोर्ट न लगाए जाने के कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं का भविष्य खतरे में पड़ता नजर आ रहा है।
शीघ्र रिपोर्ट लगाकर प्रमाण पत्र जारी करने की उठाई मांग
सभासद ने एसडीएम से निवेदन किया कि बच्चों व युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर प्रकरण पर तत्काल कड़ा संज्ञान लिया जाए। उन्होंने मांग की कि लेखपालों को निर्देशित कर आवेदनों पर शीघ्रता-शीघ्र रिपोर्ट दर्ज कराई जाए और प्रमाण पत्र जारी कराए जाएं, ताकि क्षेत्र के बच्चों का भविष्य अंधकारमय न होने पाए।

