रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा): तहसील मुख्यालय पर आयोजित चार सूत्रीय समस्याओं की बैठक में सिंचाई और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के न पहुंचने पर किसानों और ग्रामीणों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। अधिकारियों की गैर-मौजूदगी के कारण बैठक में केवल ग्राम रायभा के देवस्थल विवाद का ही समाधान हो सका, जबकि अन्य तीन मुद्दे अधर में लटक गए।

पुरामना नहर पुलिया का मुद्दा: एसडीएम दिव्या सिंह ने लिया संज्ञान
किरावली-अछनेरा रोड पर स्थित गांव पुरामना की जर्जर नहर पुलिया ग्रामीणों के लिए जानलेवा बनी हुई है। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी (SDM) किरावली दिव्या सिंह को मौके पर बताया कि इस पुलिया के कारण पूर्व में एक महिला और एक युवक की जान जा चुकी है। एसडीएम ने जर्जर पुलिया का निरीक्षण किया और आश्वासन दिया कि सिंचाई व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ही इसका नवनिर्माण कराया जाएगा।
रायभा देवस्थल विवाद सुलझा: 6 महीने से चला आ रहा गतिरोध खत्म
गांव रायभा में स्कूल की चारदीवारी के भीतर स्थित सविता, सैन व नाई समाज की समाधियों और देवस्थलों को लेकर पिछले 6 महीनों से चला आ रहा विवाद सुलझ गया है। सहमति के अनुसार:
- मैदान में फैले देवस्थलों को अब दीवार के सहारे व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जाएगा।
- समाज द्वारा निजी खर्च पर एक अलग गेट लगाया जाएगा, जिससे देवस्थल चारदीवारी की ‘कैद’ से मुक्त हो सकेंगे।
- इस समाधान से स्कूल का प्रांगण भी छात्रों के लिए खाली हो जाएगा।
किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह ने जताया आक्रोश
किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने कहा कि तहसील प्रशासन तो गंभीर है, लेकिन सिंचाई और PWD विभाग के ढुलमुल रवैये के कारण किसानों में भारी गुस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अन्य तीन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जल्द ही राजस्व, सिंचाई और PWD विभाग की संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी।
बैठक में ये रहे मौजूद: बैठक में रालोद नेता कप्तान सिंह चाहर, गंगाराम माहौर, सत्यवीर रावत, यशेंद्र आर्य, भूपेंद्र इंदौलिया, मुकेश सविता, सुरेश चौधरी, भूरा सविता, धर्मेन्द्र इंदौलिया, सुखवीर सिंह, बंटी सोलंकी, हुकुम सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

