रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा)। क्षेत्र के गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों के शोषण और अवैध वसूली का मामला गरमाता जा रहा है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी (SDM) किरावली दिव्या सिंह को एक ज्ञापन सौंपकर खरीद केंद्रों पर हो रही अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटतौली और किरदा के नाम पर किसानों का शोषण
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि अछनेरा ब्लॉक के अंतर्गत सहकारी समिति नगला अरूआ एवं सहकारी समिति कुकथला के गेहूं खरीद केंद्रों पर खुलेआम धांधली की जा रही है। खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों से प्रत्येक कुंतल गेहूं पर करीब 1 किलोग्राम अतिरिक्त गेहूं ‘किरदा’ के नाम पर जबरन लिया जा रहा है।
कट्टे के वजन में भी खेल का आरोप
भाकियू नेताओं ने खरीद केंद्रों पर हो रहे एक और बड़े खेल का खुलासा करते हुए कहा कि अमूमन 200 ग्राम वजन वाले प्लास्टिक के कट्टे (बोरे) का वजन जबरन 700 ग्राम माना जा रहा है। इस तरह कट्टे के वजन की आड़ में भी किसानों के गेहूं में सीधे तौर पर कटौती की जा रही है। इस अवैध कटौती के कारण किसानों को उनकी गाढ़ी कमाई का पूरा मूल्य नहीं मिल पा रहा है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पारदर्शी व्यवस्था और कार्रवाई की मांग
किसान संगठन ने उप जिलाधिकारी दिव्या सिंह से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और इस अवैध कटौती को तुरंत रोका जाए। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और खरीद केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था नहीं मिली, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद: इस दौरान मुख्य रूप से युवा तहसील अध्यक्ष जितेंद्र कुमार शर्मा, बलराम सोलंकी, हरिओम, गोपाल, अजय आदि सहित दर्जनों किसान नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

