रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
रिपोर्टर कृष्ण मुरारी उपाध्याय
किरावली (आगरा)। किरावली –फतेहपुर सीकरी रोड पर एक अनोखी और बेहद भावुक घटना की याद में आयोजित भव्य भंडारे के मंच से सरकार के सामने एक बड़ी मांग रखी गई है। इस धार्मिक आयोजन में उमड़े भक्तों के सैलाब के बीच करोड़ों सनातनी आस्था के प्रतीक गौवंश को लेकर बड़ा संकल्प दोहराया गया।

करोड़ों सनातनियों का हो सम्मान, गौ माता घोषित हों ‘राष्ट्र माता’: संतोष इंदौलिया
भंडारे के मंच से हुंकार भरते हुए गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष संतोष इंदौलिया ने केंद्र और राज्य सरकार से पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि:
“गौ माता हमारी आस्था और संस्कृति का मूल आधार हैं। करोड़ों सनातनी भाई-बहनों की धार्मिक भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए सरकार को अविलंब गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करना चाहिए।”
मंच से उठी इस मांग को वहां मौजूद वृंदावन से आए पूज्य संतों, विद्वानों और हजारों भक्तों ने हाथ उठाकर अपना पूरा समर्थन दिया।
बेहद भावुक है वजह: मां के वियोग में दम तोड़ने वाले नन्हे बेजुबान की स्मृति में हुआ आयोजन
दरअसल, इस भव्य भंडारे के आयोजन के पीछे एक बेहद मर्मस्पर्शी और भावुक कहानी जुड़ी हुई है। यह पूरा आयोजन एक नन्हे बेजुबान बंदर (जिन्हें स्थानीय लोग हनुमान जी का स्वरूप मान रहे हैं) की याद में किया गया था। इस नन्हे बेजुबान ने अपनी मां की मृत्यु के गम और वियोग में खाना-पीना छोड़ दिया था और अंततः तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया था। बेजुबान के इस गहरे ‘मातृ प्रेम’ से द्रवित होकर स्थानीय लोगों और गौ सेवकों ने मिलकर उसकी आत्मा की शांति के लिए इस विशाल भंडारे का संकल्प लिया।
भजनों की रसधार और सेवा भाव: राहगीरों को छकाया प्रसाद
कार्यक्रम में वृंदावन से पधारे पूज्य महाराज जी के पावन सानिध्य में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। संतों की वाणी से बही भजनों की रसधार में भक्तगण झूम उठे। इसके बाद आयोजित भंडारे में सेवा भाव की अद्भुत मिसाल देखने को मिली, जहां सीकरी रोड से गुजरने वाले हर राहगीर को रोककर आदरपूर्वक हलुआ, पूड़ी, सब्जी और रायते का प्रसाद वितरित किया गया।
प्रमुख रूप से रहे मौजूद
इस पुनीत कार्य और धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य रूप से गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष संतोष इंदौलिया, जीतू इंदौलिया, हिमांशु शर्मा, कुलदीप पंडित, कर्मवीर फौजी सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय गौ सेवक, संभ्रांत नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित रही।
