• Sat. Jul 4th, 2026

UP LIVE 24X7

India #1 News Platform

किरावली में टला बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन पर झूलते बच्चों का वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आए चेयरमैन प्रतिनिधि, तुरंत दुरुस्त कराया झुका पोलकिरावली में टला बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन पर झूलते बच्चों का वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आए चेयरमैन प्रतिनिधि, तुरंत दुरुस्त कराया झुका पोल
Spread the love

रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ

किरावली (आगरा)। कस्बा किरावली स्थित मौनी बाबा दंगल ग्राउंड (मिनी स्टेडियम) के समीप शनिवार को 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के तारों पर मासूम बच्चों के झूलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उस समय लाइन में विद्युत आपूर्ति बंद थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत किरावली के चेयरमैन प्रतिनिधि और विद्युत विभाग ने संयुक्त रूप से त्वरित मोर्चा संभाला और महज कुछ ही घंटों में इस बड़े खतरे को पूरी तरह टाल दिया।

हाईटेंशन लाइन के नीचे झूलते बच्चों का वीडियो वायरल
युवा कल्याण विभाग की लापरवाही से झुका हाईटेंशन पोल

पूरा मामला किरावली मिनी स्टेडियम का है, जहां युवा कल्याण विभाग द्वारा बाउंड्रीवॉल (चारदीवारी) निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान ठेकेदार और विभागीय कर्मचारियों ने घोर लापरवाही बरतते हुए विद्युत विभाग को बिना कोई सूचना दिए हाईटेंशन पोल के बिल्कुल बगल में गहरा गड्ढा खोद दिया। खुदाई के कारण पोल का आधार कमजोर हो गया और वह एक तरफ झुक गया, जिससे 11 केवी हाईटेंशन लाइन के खतरनाक तार जमीन के काफी करीब आ गए और बच्चे उन पर झूलने लगे।

वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आए चेयरमैन प्रतिनिधि अभिजीत सिंह

जैसे ही बच्चों का यह खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, नगर पंचायत किरावली के चेयरमैन प्रतिनिधि अभिजीत सिंह इंदौलिया ने तुरंत मामले को अपने संज्ञान में लिया। उन्होंने बिना एक पल गंवाए मौके पर नगर पंचायत की जेसीबी और हाइड्रा मशीनें भिजवाईं, ताकि झुके हुए पोल को गिरने से रोका जा सके और मरम्मत कार्य को गति दी जा सके।

एसडीओ और जेई के निर्देश पर विद्युत टीम ने संभाला मोर्चा

दूसरी तरफ, सूचना मिलते ही विद्युत विभाग भी पूरी तरह मुस्तैद हो गया। विद्युत उपखंड अधिकारी (SDO) मनमोहन शर्मा और जूनियर इंजीनियर (JE) के तत्काल आदेश पर विभागीय टीम तुरंत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। चेयरमैन प्रतिनिधि अभिजीत सिंह के नेतृत्व में आई नगर पंचायत की मशीनों और विद्युत विभाग के कुशल कर्मचारियों— हरिमोहन, अनूप सिंह, यदुवंश कुमार और साहब सिंह ने आपसी तालमेल से मिलकर युद्धस्तर पर काम शुरू किया।

संयुक्त प्रयास से पोल को किया सीधा, तारों को दी सुरक्षित ऊंचाई

दोनों विभागों की इस सक्रियता का नतीजा यह रहा कि हाइड्रा और जेसीबी की मदद से झुके हुए पोल को पूरी तरह सीधा कर सुरक्षित रूप से स्थापित कर दिया गया। साथ ही नीचे लटक रहे 11 केवी के ढीले तारों को खींचकर वापस सुरक्षित ऊंचाई पर बांध दिया गया। चेयरमैन प्रतिनिधि की त्वरित सूझबूझ और विद्युत विभाग की मुस्तैदी के इस संयुक्त प्रयास की स्थानीय जनता जमकर सराहना कर रही है, जिससे भविष्य में होने वाली एक बड़ी अनहोनी को समय रहते टाल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *