• Sat. Jul 4th, 2026

UP LIVE 24X7

India #1 News Platform

किरावली में चोर मस्त, पुलिस पस्त: 4 दिन में दो मोटरसाइकिलें पार, रेस्टोरेंट और घर के बाहर से बाइक चोरी होने से दहशतकिरावली में चोर मस्त, पुलिस पस्त: 4 दिन में दो मोटरसाइकिलें पार, रेस्टोरेंट और घर के बाहर से बाइक चोरी होने से दहशत
Spread the love

प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ

किरावली (आगरा)। थाना किरावली क्षेत्र में इन दिनों वाहन चोरों का आतंक चरम पर है। इलाके में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। महज चार दिन के अंतराल में चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों से खड़ी बाइकों पर हाथ साफ कर पुलिस की गश्त दावों की पोल खोल कर रख दी है। दोनों ही मामलों में पीड़ितों ने थाना किरावली में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है।

मिढ़ाकुर चौकी इंचार्ज का गालीबाज़ चेहरा वायरल, खबर का बड़ा असर: तत्काल प्रभाव से निलंबित

रेस्टोरेंट के बाहर से जोमैटो डिलीवरी बॉय की बाइक गायब

पहली घटना 22 जून की देर रात की बताई जा रही है। ग्राम नागर (पोस्ट बिचपुरी, थाना अछनेरा) निवासी प्रवीन नरवार ने पुलिस को बताया कि वह जोमैटो कंपनी में फूड डिलीवरी का काम करता है। सोमवार रात करीब 12:10 बजे वह अपने साथी सूरज के साथ सहारा स्थित पवित्रा रेस्टोरेंट पर ऑर्डर लेने पहुंचा था। प्रवीन ने अपनी हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल (संख्या UP 80 HF 3009) रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी की और अंदर चला गया। महज कुछ ही देर बाद जब वह बाहर लौटा, तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।

दिनदहाड़े घर के सामने से काले रंग की मोटरसाइकिल पार

वहीं चोरी की दूसरी वारदात 18 जून की दोपहर को सामने आई। अभूआपुरा (किरावली) निवासी ऋषि कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई ने दोपहर करीब 12 बजे अपने घर के सामने (राना कोल्ड स्टोर के पास) अपनी काले रंग की मोटरसाइकिल (संख्या UP 80 GW 5207) खड़ी की थी। दोपहर करीब 2:30 बजे जब भाई किसी काम से बाहर आया, तो वहां से बाइक गायब थी। आसपास के लोगों से पूछताछ और काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चल सका।

जनता में भारी आक्रोश: पुरानी चोरियों का भी खुलासा करने में नाकाम रही पुलिस

लगातार हो रही बाइक चोरी की इन घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भारी चिंता और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि किरावली में आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस इन पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। हद तो यह है कि पुलिस पुरानी चोरी की घटनाओं का भी अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। क्षेत्र की जनता ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और सक्रिय वाहन चोर गिरोह को दबोचकर जनता को राहत दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *