रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा)। सोशल मीडिया पर कथित आरोप लगाते हुए एक युवती का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने क्षेत्र के ही एक रसूखदार व्यक्ति पर पीछा करने, धौंस जमाने और जान का खतरा होने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में पीड़िता ने एक नामजद व्यक्ति पर कथित तौर पर गंभीर आरोप मढ़े हैं। पीड़िता का कहना है कि उक्त आरोपी खुद को वरिष्ठ नेताओं का करीबी बताकर इलाके में अपनी धौंस जमाता है और थाने-चौकियों में अपनी ऊंची पहुंच होने का दावा कर लोगों को डराता-धमकाता है।
खुद को बड़े नेताओं का करीबी बताकर धौंस जमाने का कथित आरोप
वायरल वीडियो में अपना दर्द बयां करते हुए युवती ने बताया कि आरोपी अपनी राजनैतिक और प्रशासनिक पैठ का रौब दिखाता है। पीड़िता ने कथित तौर पर आरोप लगाया है कि वह व्यक्ति अक्सर यह कहता फिरता है कि “थाने और चौकियों में मेरी ही चलती है, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इसी रसूख के बल पर वह पीड़िता और उसके परिवार पर लगातार दबाव बनाने और उन्हें परेशान करने का प्रयास कर रहा है।
“मेरा पीछा किया जाता है, जान को खतरा है” — पीड़िता
पीड़िता ने वीडियो में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उसने कथित तौर पर आरोप लगाया कि जब भी वह घर से बाहर किसी काम से, मंडी या शहर (आगरा) जाती है, तो उक्त व्यक्ति द्वारा उसका पीछा किया जाता है। पीड़िता का दावा है कि उसके पास इस पीछा किए जाने के वीडियो साक्ष्य और पुख्ता सबूत भी मौजूद हैं। पीड़िता ने यह भी आशंका जताई है कि यदि उसके या उसके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर वही व्यक्ति जिम्मेदार होगा।
पुराने विवाद में जबरन फंसाने की साजिश का आरोप
वीडियो के अनुसार, पीड़िता के परिवार का पुराना कोर्ट केस चल रहा है, जिसके बयान अदालत में होने वाले हैं। पीड़िता ने कथित तौर पर आरोप लगाया कि आरोपी इस मामले में दूसरी पार्टी (मुल्जिमों) का साथ दे रहा है और गांव में लोगों को भड़काकर पीड़िता के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराने की साजिश रच रहा है। पीड़िता का कहना है कि उसके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में सारी सच्चाई रिकॉर्ड है कि उसने कोई गलत काम नहीं किया है, फिर भी उसे रसूख के दम पर प्रताड़ित किया जा रहा है।

