प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
अछनेरा (आगरा)। अछनेरा में अरावली पहाड़ के गहरे पानी में डूबने से दो छात्रों की मौत की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना अछनेरा क्षेत्र के अंतर्गत धनोली स्थित अरावली पहाड़ में बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाने गए लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल के दो मासूम छात्र अचानक गहराई में चले गए और डूब गए। आनन-फानन में ग्रामीणों और पुलिस ने रेस्क्यू कर दोनों को बाहर निकाला और सीएचसी अछनेरा ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
साथियों के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीण, आधे घंटे चला रेस्क्यू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल के लगभग छह छात्र धनोली स्थित अरावली पहाड़ में बने पानी के खड्ड में नहाने गए थे। नहाते समय दो छात्र अचानक गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगे। साथियों को डूबता देख साथ आए अन्य छात्रों ने चीख-पुकार मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा करने का प्रयास किया।
शोर सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल थाना अछनेरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक चले कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को गंभीर हालत में पानी से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अछनेरा पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान, परिजनों में मचा कोहराम
अरावली पहाड़ के गड्ढे में डूबकर जान गंवाने वाले दोनों छात्रों की शिनाख्त के रूप में हुई है:
- करन (उम्र 14 वर्ष) पुत्र सोमेन्द्र, निवासी ग्राम मगूरा
- देवमोहन (उम्र 15 वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम नगला मंशा
दो होनहार बच्चों की असमय मौत की खबर मिलते ही दोनों गाँवों और परिवारों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुँची अछनेरा पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शवों का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासनिक उपेक्षा पर उठे सवाल: हादसों के बाद भी नहीं जाग रहा तंत्र
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय जनता में प्रशासनिक ढिलाई को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने याद दिलाया कि कुछ समय पूर्व बाकंदा खास में एक मासूम बालक की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। उस समय तत्कालीन उप जिलाधिकारी (SDM) ने सभी ग्राम प्रधानों और अधिकारियों को क्षेत्र के खुले कुओं, बावडियों और पानी से भरे खतरनाक गड्ढों/तालाबों को ढकने और बैरिकेडिंग करने के सख्त निर्देश दिए थे।
लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई न होने के कारण आज फिर दो मासूमों को अपनी जान गंवानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अरावली क्षेत्र के खतरनाक गड्ढों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने और लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

