• Sat. Sep 5th, 2026

UP LIVE 24X7

India #1 News Platform

किरावली: खारी नदी में जलकुंभी के जाल में फंसकर किसान की तीनों भैंसों की मौत, गांव में शोक की लहर; प्रशासन देगा दैवीय आपदा सहायता

किरावली: खारी नदी में जलकुंभी के जाल में फंसकर किसान की तीनों भैंसों की मौत, गांव में शोक की लहर; प्रशासन देगा दैवीय आपदा सहायताकिरावली: खारी नदी में जलकुंभी के जाल में फंसकर किसान की तीनों भैंसों की मौत, गांव में शोक की लहर; प्रशासन देगा दैवीय आपदा सहायता
Spread the love

प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ

रिपोर्टर कृष्ण मुरारी उपाध्याय

किरावली (आगरा):

किरावली थाना क्षेत्र के गांव बाकंदा खास में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खारी नदी में पानी पीने गईं तीन भैंसें बरसात के कारण बहकर आई अत्यधिक जलकुंभी के विशाल झुंड में बुरी तरह फंस गईं। जलकुंभी के जाल में दम घुटने के कारण किसान की तीनों भैंसों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही किरावली पुलिस, राजस्व टीम और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।

जलकुंभी के जाल में फंसीं भैंसें, ग्रामीणों की कोशिशें रही नाकाम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बाकंदा खास निवासी किसान बाबूलाल पुत्र राजेंद्र सिंह की तीन भैंसें रोजाना की भांति खारी नदी के किनारे पानी पीने गई थीं। हाल ही में हुई बारिश के कारण नदी में भारी मात्रा में जलकुंभी बहकर आ गई थी। पानी पीते समय तीनों भैंसें जलकुंभी के घने जाल में फंस गईं और उनका दम घुटने लगा।

किसान बाबूलाल द्वारा शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने नदी में उतरकर भैंसों को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन जलकुंभी की अत्यधिक मात्रा और पानी के बहाव के कारण कोई भी अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

निचले रपटे पर मिलीं भैंसें, तीनों की हो चुकी थी मौत

पानी के तेज बहाव और जलकुंभी के साथ बहती हुई भैंसें पड़ोसी गांव खेड़ा बाकंदा की ओर चली गईं। वहां खारी नदी पर बने निचले रपटे के पास जब भैंसें टकराकर फंसी, तो ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। हालांकि, तब तक अत्यधिक जलकुंभी में फंसकर दम घुटने के कारण तीनों भैंसों की मौत हो चुकी थी। इस घटना से पीड़ित किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

SDM किरावली और पुलिस-राजस्व टीम का एक्शन

हादसे की सूचना मिलते ही थाना किरावली पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उप जिलाधिकारी (SDM) किरावली अभिनव पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। पीड़ित किसान के हुए नुकसान की वैधानिक कागजी कार्रवाई (पंचनामा) पूरी कराई जा रही है और शासन के नियमानुसार दैवीय आपदा कोष से उचित आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

सांसद प्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चाहर (भाई) भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसान बाबूलाल को ढांढस बंधाया। इस दौरान हरी सिंह, पिंकी सरपंच, हरी सिंह सूबेदार, लोकेश चौधरी, उदल, संतोष बीडीसी, राजवीर, खड़का, महेंद्र, लाछो और लाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *