प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
थाना अछनेरा क्षेत्र की कुकथला चौकी क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन और मिट्टी के अवैध परिवहन की शिकायतों पर अछनेरा पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की है। रविवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस ने मिट्टी से भरे 4 अवैध डंपरों को पकड़कर सीज कर दिया। थाना प्रभारी की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

गश्त के दौरान भरतपुर-बिचपुरी रोड पर दबोचे गए डंपर
थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार वर्मा चंदेला ने बताया कि रविवार रात करीब 1:00 बजे गश्त के दौरान भरतपुर-बिचपुरी मार्ग पर चौकी कुकथला क्षेत्र के अंतर्गत संदिग्ध अवस्था में मिट्टी लादकर जा रहे चार डंपरों को रोका गया। इनमें से दो डंपर सहाई गांव के पास से तथा दो डंपर थापी गांव के पास से पकड़े गए।

रेलवे निर्माण का दिया हवाला, नहीं दिखा सके दस्तावेज
छानबीन और पूछताछ के दौरान पकड़े गए डंपर चालकों ने दावा किया कि मिट्टी का इस्तेमाल रेलवे लाइन निर्माण कार्य में किया जा रहा है। हालांकि, जब पुलिस ने खनन और परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र व दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
चारों डंपर सीज, खनन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट
वैध दस्तावेज न मिलने पर अछनेरा पुलिस ने चारों डंपरों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खनन विभाग को लिखित सूचना भेज दी है।
गौरतलब है कि कुकथला चौकी क्षेत्र आए दिन मिट्टी के अवैध खनन और रेलवे की आड़ में बिना अनुमति खनन को लेकर चर्चा में रहता है। अब खनन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि पकड़ी गई मिट्टी कहां से खोदी गई थी और उसके लिए कोई वैध अनुमति थी या नहीं।

