प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP LIVE 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा):
थाना किरावली पुलिस ने बुधवार को कराहरा गांव के पास पशु क्रूरता का बड़ा मामला उजागर करते हुए भैंसों से ठूंस-ठूंसकर भरी एक कैंटर गाड़ी को पकड़ा है। वाहन से 14 भैंसें बरामद की गई हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

संदिग्ध कैंटर को रुकवाकर ली गई तलाशी
अभुआपुरा निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने साथी संदीप और कृष्णा के साथ कराहरा गांव के पास मौजूद थे। इसी दौरान कागारौल की ओर से एक कैंटर गाड़ी तेज गति से आती दिखाई दी। संदेह होने पर उन्होंने वाहन को रुकवाया। वाहन में तीन लोग सवार थे और अंदर भैंसें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरी हुई थीं।
मुंह-पैर बांधकर ले जा रहे थे, नहीं मिले वैध दस्तावेज
आरोप है कि कई पशुओं के मुंह और पैरों में रस्सियां कसकर बांधी गई थीं। वाहन में पशुओं के लिए दाना, चारा या पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। पूछताछ में वाहन सवारों ने बताया कि वे भैंसों को कागारौल कस्बे की पशु पैंठ से खरीदकर अलीगढ़ ले जा रहे हैं। हालांकि, शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों के पास पशुओं की खरीद-बिक्री और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज (कागजात) नहीं मिले।
तहरीर पर 3 के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर वाहन और उसमें लदे 14 पशुओं को अपने कब्जे में ले लिया। सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अछनेरा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी सनी, छोटू और मोहम्मद असलम (निवासी कागारौल) के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की पूछताछ व कार्रवाई कर रही है।
