• Tue. Oct 13th, 2026

UP LIVE 24X7

India #1 News Platform

अछनेरा के सहाई गांव में साधु धर्मवीर की हत्या का 24 घंटे में पर्दाफाश: करोड़ों की जमीन के लालच और रंजिश में भतीजे ने सिलबट्टे से कुचलकर की थी हत्या, मास्टरमाइंड दुष्यंत गिरफ्तार

अछनेरा के सहाई गांव में साधु धर्मवीर की हत्या का 24 घंटे में पर्दाफाश: करोड़ों की जमीन के लालच और रंजिश में भतीजे ने सिलबट्टे से कुचलकर की थी हत्या, मास्टरमाइंड दुष्यंत गिरफ्तारअछनेरा के सहाई गांव में साधु धर्मवीर की हत्या का 24 घंटे में पर्दाफाश: करोड़ों की जमीन के लालच और रंजिश में भतीजे ने सिलबट्टे से कुचलकर की थी हत्या, मास्टरमाइंड दुष्यंत गिरफ्तार
Spread the love

प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP LIVE 24X7 खबर सच के साथ

अछनेरा (आगरा):

थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव सहाई में खेत स्थित मंदिर/मकान पर सो रहे साधु जीवन व्यतीत कर रहे धर्मवीर (42) की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आगरा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंधेकत्ल का पर्दाफाश महज 24 घंटे के भीतर कर दिया है।

करोड़ों रुपये की जमीन के लालच और आपसी विवाद के चलते सगे भतीजे दुष्यंत ने ही अपने दोस्त शिवम के साथ मिलकर सिलबट्टे (मसाला पीसने वाले पत्थर) से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर अपने सगे चाचा की हत्या की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी (मास्टरमाइंड) दुष्यंत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथी शिवम की तलाश में दबिश दी जा रही है।

अविवाहित थे धर्मवीर, मां के निधन के बाद जीने लगे थे साधु जैसा जीवन

मृतक धर्मवीर चार भाइयों (राजकुमार, वासुदेव, देशराज और धर्मवीर) में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। अपनी माता ज्ञानवती के देहांत के बाद उनका मन सांसारिक मोह-माया से विरक्त हो गया था। वे गांव से करीब 300 मीटर दूर अपने खेत पर बने मंदिर व मकान में ही रहकर पूजा-पाठ करते थे और साधु जैसा जीवन व्यतीत कर रहे थे।

जूते के फुटप्रिंट और फोरेंसिक साक्ष्यों से खुला हत्या का राज

शुक्रवार सुबह धर्मवीर जब रोजाना की तरह पशुओं को चारा देने नहीं पहुंचे, तो उनके भतीजे सौरभ ने कई बार फोन किया। फोन न उठने पर परिजन पहुंचे और दीवार फांदकर अंदर गए, जहां धर्मवीर का रक्तरंजित शव पड़ा मिला।

सूचना पर डीसीपी वेस्ट आदित्य सिंह पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। फॉरेंसिक जांच में आंगन से कमरे के बीच जूते का एक फुटप्रिंट मिला, जिससे हमलावर के जूते का नंबर पुलिस के हाथ लग गया। जांच में सामने आया कि धर्मवीर गुरुवार रात करीब 11 बजे तक जीवित थे।

छिपकर बैठे थे हत्यारे, सिलबट्टे से वार कर ली जान

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी भतीजे दुष्यंत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्त शिवम के साथ धर्मवीर के घर में दाखिल हुआ और छिपकर बैठ गया। जैसे ही धर्मवीर घर पहुंचे, दोनों ने उन पर हमला बोल दिया। दुष्यंत ने घर में रखे भारी सिलबट्टे से धर्मवीर के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों दरवाजा बंद कर फरार हो गए।

करोड़ों की तीन बीघा जमीन बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच के अनुसार धर्मवीर के नाम गांव में करीब तीन बीघा जमीन थी, जिसकी मौजूदा कीमत करोड़ों रुपये है। धर्मवीर ने कुछ समय पहले अपना एक खेत बेचा भी था, जिसको लेकर भतीजे से विवाद हुआ था। पूछताछ में आरोपी दुष्यंत ने यह भी दावा किया कि उसे शक था कि चाचा उसकी हत्या करा सकते हैं, इसलिए उसने पहले ही दोस्त के साथ मिलकर उनकी जीवन लीला समाप्त कर दी।

डीसीपी वेस्ट का आधिकारिक बयान: “सहाई गांव में हुए धर्मवीर हत्याकांड का 24 घंटे में सफल अनावरण कर लिया गया है। मुख्य आरोपी भतीजे दुष्यंत को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसने अपने दोस्त शिवम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। फरार आरोपी शिवम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।”

— आदित्य सिंह, डीसीपी (वेस्ट, आगरा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *