फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में कल रात हुई बेमौसम बारिश, भीषण आंधी-तूफान और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है। राजस्थान की सीमा से सटे दर्जनों गांवों में प्रकृति के इस कहर से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं और कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने प्रशासनिक अमले के साथ शनिवार को आपदा प्रभावित गांवों का सघन निरीक्षण किया।

इन गांवों में मची तबाही
विधायक और अधिकारियों की टीम ने मई बुजुर्ग, हंसपुरा, दुल्हारा, गुजरपुरा, नगला धीरू, मंगोली खुर्द, मंगोली कला, नगला दधिराम, औलेंडा, द्योनारी, सिकरौदा और दूरा सहित कई गांवों का दौरा किया। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि इतनी भीषण थी कि गेहूं, मूंग, ज्वार और पाली की फसलें पूरी तरह बिछ गई हैं।

किसानों की टूटी कमर, कई ग्रामीण घायल
निरीक्षण के दौरान विधायक चौधरी बाबूलाल ने पाया कि फसलें नष्ट होने से किसान भुखमरी की कगार पर पहुँच गया है। आंधी-तूफान के कारण कई मकानों की दीवारें और छतें गिर गईं, जिसमें दबकर कई ग्रामीण घायल हुए हैं। विधायक ने पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घायलों को तत्काल उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन को सख्त निर्देश: ‘एक-एक पाई का हो आकलन’
चौधरी बाबूलाल ने मौके पर मौजूद अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती शुभांगी शुक्ला और उप जिलाधिकारी किरावली सुश्री दिव्या सिंह को कड़े निर्देश दिए कि:
- दैवीय आपदा से हुए फसलों के नुकसान का शत-प्रतिशत और पारदर्शी आकलन किया जाए।
- जिन ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें पुनर्निर्माण हेतु सरकारी योजना के तहत उचित मुआवजा दिलाया जाए।
- तहसील प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सर्वे कार्य पूर्ण करें ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके।
निरीक्षण दल में ये रहे मौजूद
दौरे के दौरान एडीएम शुभांगी शुक्ला और एसडीएम दिव्या सिंह के अलावा तहसील प्रशासन की टीम, प्रभारी निरीक्षक थाना फतेहपुर सीकरी, वरिष्ठ नेता डॉ. रामेश्वर सिंह, समाजसेवी सुनील पाराशर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य होशियार सिंह, रंजीत भगत, चंद्र प्रकाश शर्मा, श्याम बिहारी पाराशर, नीतू खान, पवन ठाकुर और पोखन बी.डी.सी. मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

