रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा): थाना किरावली क्षेत्र के अंतर्गत पैठ गली वार्ड नंबर 5 में आपसी विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। दबंगों ने न केवल युवक को रास्ते में रोककर गाली-गलौज की, बल्कि उसके घर में घुसकर उसे मरणासन्न कर दिया। फिलहाल पीड़ित युवक को गंभीर हालत में भरतपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित करन, जो कि कैलाशी का पुत्र है, अपनी सफाई का काम खत्म करके घर लौट रहा था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आकाश, अजनीया, अमन और पुन्नू (सभी पुत्र मुकेश) ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बिना किसी ठोस वजह के इन लोगों ने करन को गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।
घर में घुसकर किया जानलेवा हमला
जब करन ने गाली देने का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो युवक अपनी जान बचाकर घर की ओर भागा। आरोप है कि दबंगों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसके घर में घुसकर उसे लाठी-डंडों से बेदर्दी से पीटा। इस हमले में करन को शरीर के कई हिस्सों और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हमलावर जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
पीड़ित की हालत गंभीर, पुलिस में शिकायत दर्ज
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल करन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित के पिता कैलाशी ने किरावली थाना अध्यक्ष को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

