रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा)। आगामी त्योहारों को शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए सोमवार को थाना किरावली परिसर में स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने की। इस बैठक में क्षेत्र के तमाम संभ्रांत नागरिकों, समाजसेवियों और विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध जनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर: एसीपी शैलेंद्र सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही बिना पुष्टि किए किसी भी भ्रामक खबर को सोशल मीडिया पर शेयर करें। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल होगा तैनात
एसीपीअछनेरा शैलेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और खुशियों का प्रतीक हैं। अगर कोई भी शरारती तत्व शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि त्योहारों के मद्देनजर किरावली क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और पुलिस द्वारा गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और कुछ भी संदेहास्पद दिखने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद किरावली क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि हर बार की तरह इस बार भी सभी त्योहार मिल-जुलकर और पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाएंगे। स्थानीय जनता ने पुलिस और प्रशासन के बीच इस तरह की समन्वय बैठक की सराहना की और कहा कि इससे जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होता है।

