रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
आगरा (किरावली)। आगरा के थाना किरावली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मिढ़ाकुर पुलिस चौकी एक बार फिर अपनी ढीली कानून व्यवस्था को लेकर चर्चा और विवादों के घेरे में है। बीती रात मिढ़ाकुर चौकी क्षेत्र के गाँव बड़ौदा सदर में अज्ञात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों को अपना निशाना बनाया और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी साफ कर चम्पत हो गए। इस बड़ी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

एक ही रात में तीन घरों में बोला धावा, सीसीटीवी में कैद हुए चोर
घटना 9 जून 2026 की रात करीब 1 बजे की है। पीड़ित ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को संयुक्त प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। चोरी की इस बड़ी वारदात में इन तीन घरों को निशाना बनाया गया:
- मोतीराम पुत्र चेतराम के घर: यहाँ से चोरों ने सोने की 5 अंगूठी, 2 सोने की चैन, एक बड़ी व एक छोटी सोने की मूर, चांदी की पाजेब और लगभग 35 हजार रुपये नकद उड़ा दिए। पीड़ित के मुताबिक, रात करीब 1 बजे चोरों की तस्वीरें उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी दिखाई दी हैं।
- रविन्द्र पुत्र राधाकिसन के घर: चोरों ने इनके घर में सेंध लगाकर सोने की एक चैन, एक जोड़ी झुमकी, सोने की मूर, 350 ग्राम चांदी और लगभग 30 हजार रुपये नकद व तीन सोने की अंगूठियां पार कर दीं।
- भूपेन्द्र सिंह पुत्र कोमल सिंह के घर: यहाँ से भी अज्ञात चोर सोने की 5 अंगूठी, चांदी की तीन पाजेब, सोने की एक चैन और एक मंगलसूत्र चोरी कर ले गए।
मिढ़ाकुर चौकी इंचार्ज की भूमिका पर गंभीर सवाल और ग्रामीणों का आरोप
इस वारदात के बाद स्थानीय पुलिस और विशेषकर मिढ़ाकुर चौकी इंचार्ज की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मिढ़ाकुर चौकी इंचार्ज पर पहले भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं, और अब इस बड़ी चोरी के बाद ग्रामीणों की परेशानी और नाराजगी सातवें आसमान पर है।
पुराने मामले से जुड़ रहे हैं तार: कथित रूप से कुछ ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने एक मोबाइल चोर को पकड़ा था, जिसे बिना किसी सख्त कानूनी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। ग्रामीणों को अंदेशा है कि इस बड़ी वारदात में उसी आरोपी का हाथ हो सकता है। अपुष्ट सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने संदेह के आधार पर उस आरोपी को दोबारा पूछताछ के लिए उठाया है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार अधिकारी?
इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी किरावली सतवीर सिंह का कहना है कि घटना बेहद गंभीर है। पुलिस मामले के सभी बिंदुओं और पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस पूरी वारदात का खुलासा कर चोरों को जेल भेजा जाएगा।

