रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
फतेहपुर सीकरी (आगरा)। विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी के अंतर्गत ग्रामीणों को आवागमन की एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा नगला सोमनाथ (सामरा) से राजस्थान सीमा तक बनने वाले 500 मीटर लंबे सीसी मार्ग (सिमेंटेड सड़क) निर्माण कार्य का भव्य शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। करीब 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस मार्ग का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने विधि-विधान के साथ किया।
सड़क, पेयजल और विकास के लिए संकल्पित है सरकार — विधायक चौधरी बाबूलाल
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के चौमुखी विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सीसी मार्ग बनने से नगला सोमनाथ सहित आसपास के तमाम ग्रामीणों को आने-जाने में आ रही दिक्कतों से परमानेंट मुक्ति मिलेगी और इससे उत्तर प्रदेश की राजस्थान सीमा तक संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

ग्रामीणों ने जताया विधायक और सरकार का आभार
इस सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत होने पर स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने इसके लिए विधायक चौधरी बाबूलाल एवं प्रदेश सरकार का दिल से आभार व्यक्त किया। शिलान्यास के इस गरिमामयी कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि डॉ. रामेश्वर चौधरी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के आला अधिकारी, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

