प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP LIVE 24X7 खबर सच के साथ
अछनेरा (आगरा):
स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर थाना अछनेरा एक बार फिर गहरे विवादों के घेरे में आ गया है। अछनेरा थाना परिसर में उस समय हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी फरियाद लेकर पहुंचे एक पीड़ित व्यक्ति ने लगातार हो रही अनदेखी से क्षुब्ध होकर अचानक खुद पर ज्वलनशील पदार्थ (तेल) उड़ेल लिया। थाने के भीतर इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आनन-फानन में व्यक्ति को आत्मदाह जैसा आत्मघाती कदम उठाने से रोका और उसे सुरक्षित किया।
मनोनीत सभासद पर प्रताड़ना का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि उनका पड़ोसी मनोनीत सभासद अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर आए दिन उन पर अनावश्यक दबाव बना रहा है और उन्हें प्रताड़ित कर रहा है। पीड़ित के अनुसार, वह इस मामले में न्याय की गुहार लेकर लंबे समय से अछनेरा थाने के चक्कर काट रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा लगातार उसकी सुनवाई नहीं की गई। इसी संवेदनहीनता और उपेक्षा से निराश होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अछनेरा थाना अपनी ढचर-पचर और सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी चर्चा में रहा है। इस ताजा घटना ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और पीड़ितों की सुनवाई न होने के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसीपी अछनेरा का बयान
एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति को सुरक्षित कर उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य व साक्ष्य सामने आएंगे, उसी आधार पर नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

