रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
अछनेरा (आगरा):
थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव मंगूरा में दबंगों द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सरकारी रास्ते पर लोहे की नुकीली सरिया गाड़कर अवैध ब्रेकर बनाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। थाना पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद अवैध ब्रेकर न हटाए जाने और उल्टा “जिलाधिकारी का आदेश लेकर आओ” कहकर टालमटोल करने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार (3 नवंबर 2026) को पीड़ित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी (DM) मनीष बंसल के समक्ष उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र सौंपा और अवैध ब्रेकर को तत्काल हटवाने की गुहार लगाई।

रात के अंधेरे में गाड़ी नुकीली सरिया, 80 मीटर रास्ते पर बना दिया अवैध ब्रेकर
जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में ग्राम मंगूरा (तहसील किरावली) निवासियों ने बताया कि गांव में लगभग 80 मीटर लंबा और 8 फीट चौड़ा सरकारी रास्ता है, जिसके दोनों ओर गहरी खुली नालियां बनी हुई हैं। इस रास्ते से ग्रामीण अपने ट्रैक्टरों के माध्यम से कृषि यंत्रों और फसलों का आवागमन करते हैं।
आरोप है कि गांव के ही विपक्षी सत्यवीर, पप्पू उर्फ योगेंद्र और दीवान (पुत्रगण मानसिंह) ने अपनी हठधर्मिता और दबंगई के बल पर बीती 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:00 बजे बिना किसी प्रशासनिक/विभागीय अनुमति के रास्ते में लोहे की नुकीली सरिया गाड़कर अवैध ब्रेकर का निर्माण करा दिया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन ब्रेकर हटाने से किया इनकार
अगले दिन जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध जताया और अछनेरा थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी दबंगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत तो कर लिया, लेकिन मौके से अवैध ब्रेकर को नहीं हटवाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने अछनेरा पुलिस से अवैध ब्रेकर हटवाने का अनुरोध किया, तो थाना पुलिस ने टालमटोल करते हुए कहा कि “ब्रेकर हमने नहीं लगवाया है, आप श्रीमान जिलाधिकारी का आदेश लेकर आओ, तभी अवैध ब्रेकर हटवाएंगे।”
आलू बोने और ढुलाई पर उपजा संकट, दुर्घटना की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में आलू की बुवाई और फसल निकालने का काम जोर-शोर से चल रहा है। रास्ते पर गाड़ी गई नुकीली लोहे की सरिया के कारण आलू व अन्य फसलों से लदे ट्रैक्टरों के पलटने और टायरों के फटने का गंभीर खतरा बना हुआ है, जिससे किसान दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इससे ग्रामीणों के सामने फसल बोने और उसे मंडी तक ले जाने का बड़ा संकट पैदा हो गया है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से संबंधित थाना पुलिस को तत्काल मौके पर भेजकर अवैध ब्रेकर ध्वस्त कराने और सरकारी रास्ते को सुचारु कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में मुख्य रूप से धर्मेंद्र सिंह, शीलेंद्र सिंह, मुनेंद्र सिंह, रमेश, सौराज सिंह, पवन कुमार, शंकर सिंह, शीला देवी, रामहेत आदि समस्त ग्रामवासी शामिल रहे।
