फतेहपुर सीकरी। क्षेत्र के टोल प्लाजा स्थित मदर्स लैप पब्लिक स्कूल में सोमवार शाम तृतीय वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, धार्मिक और लोकगीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया और मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

गणमान्य अतिथियों ने किया शुभारंभ
मदर्स लैप पब्लिक स्कूल के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि गुड्डू चाहर, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री प्रमेंद्र फौजदार, बिल्ड फॉर सक्सेस कॉलेज के चेयरमैन विश्वेंद्र सरपंच, मदर्स लैप स्कूल के चेयरमैन संजय पाराशर, बिमला देवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक अभिषेक फौजदार और भाजपा नेता मनोज सिंघल ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्वलित कर किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बंधा समां
सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जहाँ धार्मिक और लोकगीतों पर नृत्य कर सबका मन मोह लिया, वहीं देशभक्ति के तरानों पर पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षक शिवचरण शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि, “सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह बच्चों की साल भर की कड़ी मेहनत, प्रतिभा और उनके आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच है।”
मेधावी छात्र हुए पुरस्कृत
मदर्स लैप पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव के दौरान शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
मदर्स लैप पब्लिक स्कूल के कार्यक्रम में एस.डी. मॉडर्न स्कूल के प्रबंधक राजवीर सिंह, यू.सी. मिश्रा, संजीव चौधरी, नवनीत शर्मा, प्रिंसिपल विनय शुक्ला, वाइस प्रिंसिपल साधना शर्मा, वाइस चेयरमैन नरेश उपाध्याय, प्रिंसिपल सीमा, कोमल मंगल, अंकिता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

