प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
अछनेरा/आगरा। फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड अछनेरा के वासियों के लिए बेहद राहत और खुशी की खबर सामने आई है। अछनेरा क्षेत्र से आगरा शहर आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए अछनेरा बस स्टैंड से ईदगाह बस स्टैंड तक नई रोडवेज बस सेवा का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। क्षेत्रीय लोकप्रिय विधायक चौधरी बाबूलाल ने हरी झंडी दिखाकर बस को आगरा के लिए रवाना किया।

इन प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी रोडवेज बस
विधायक चौधरी बाबूलाल द्वारा शुरू कराई गई यह नई बस सेवा अछनेरा बस स्टैंड से प्रस्थान कर रायभा, साही, बिचपुरी, बोदला, एम.जी. रोड होते हुए ईदगाह बस स्टैंड तक पहुंचेगी। इस रूट के शुरू होने से अछनेरा और आसपास के दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को जिला मुख्यालय और शहर के प्रमुख क्षेत्रों तक पहुँचने में सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी।
दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ
बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर विधायक चौधरी बाबूलाल ने कहा कि क्षेत्रवासियों को सुलभ और सस्ती परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। अछनेरा क्षेत्र से प्रतिदिन आगरा आने वाले नौकरीपेशा लोगों, मजदूर वर्ग, छात्र-छात्राओं, मरीजों और व्यापारियों को इस बस के संचालन से आवागमन में अत्यंत सुविधा प्राप्त होगी। इससे उनके समय और पैसों दोनों की बचत होगी।

कार्यक्रम में ये वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
रोडवेज बस के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता डॉ. रामेश्वर सिंह (विधायक प्रतिनिधि), पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, अरब सिंह पूर्व प्रधान, तोरन सिंह उर्फ पप्पू प्रधान मंडोली, सुखवीर प्रधान सुरौठी, पप्पू सिसोदिया सांथा, कुमरजी प्रधान कचोरा, मनोज सारस्वत, उदय सभासद, रामेश्वर वर्मा सभासद, सोवरन नेताजी, रनवीर सिंह सभासद, शिवा सभासद, मुकेश धनगर सभासद, पवन लोधी सहित भारी संख्या में सम्मानित स्थानीय निवासी एवं संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

