रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
फतेहपुर सीकरी (आगरा)। विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘लपका मुक्त अभियान‘ के दावों के बीच लपका तंत्र एक बार फिर हावी होता दिख रहा है। बुधवार को गुलिस्तां वाहन पार्किंग से एक अनधिकृत गाइड (लपके) द्वारा नियमों को ताक पर रखकर पर्यटकों की गाड़ी को ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के बाद वैध पर्यटकों और गाइड्स में भारी आक्रोश है और स्थानीय पर्यटन व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
क्रमबद्ध तरीके से खड़ी गाड़ी को बिना अनुमति ले गया आरोपी
मामले को लेकर गाइड सारिफ ने सीकरी थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, आरोपी अमन उर्फ मॉरिस (पुत्र चांद, निवासी नयाबास) गुलिस्तां वाहन पार्किंग में क्रमबद्ध तरीके से खड़ी एक पर्यटक की गाड़ी को बिना किसी अनुमति के अपने साथ ले गया। यह पूरी घटना पार्किंग व्यवस्था और निर्धारित नियमों की सरेआम अनदेखी करते हुए अंजाम दी गई।

वैध गाइड्स की आजीविका प्रभावित, पर्यटन साख को खतरा
शिकायतकर्ता सारिफ ने बताया कि फतेहपुर सीकरी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक ऐतिहासिक स्मारकों का दीदार करने आते हैं। लेकिन कुछ अनधिकृत गाइड और लपका गिरोह पर्यटकों को भ्रमित कर अपने जाल में फंसा लेते हैं। इससे न केवल पर्यटकों के बीच गलत संदेश जाता है और देश की पर्यटन साख को नुकसान पहुंचता है, बल्कि लाइसेंस धारक वैध गाइडों की आजीविका पर भी गहरा संकट खड़ा हो रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन
शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के साथ-साथ यदि जांच में इस संगठित लपका नेटवर्क या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
सीकरी थाना पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। पार्किंग से जुड़े रिकॉर्ड, साक्ष्यों और तथ्यों की जांच के आधार पर दोषी के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

