रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ विधायक चौधरी बाबूलाल ने अपनी ही सरकार के पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मोर्चा खोल दिया है। विधायक चौधरी बाबूलाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के चार थानों एवं चौकियों में तैनात छह पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और जनता के उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस संबंध में विधायक ने पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) आगरा को एक औपचारिक शिकायती पत्र सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ विधायक ने अपने आरोपों के समर्थन में पुख्ता सबूत भी पुलिस आयुक्त को सौंपे हैं।

इन 6 पुलिसकर्मियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप
विधायक चौधरी बाबूलाल द्वारा दी गई शिकायत में चार थानों व चौकियों में तैनात निम्नलिखित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम शामिल हैं:
किरावली थाना: एसएसआई (SSI) मनोज दीक्षित
मिढाकुर चौकी:उप-निरीक्षक अमित कुमार
किरावली थाना: हेड मोहर्रिर संदीप कुमार
रुनकता चौकी: चौकी प्रभारी (SI) आशीष त्यागी
रुनकता चौकी: उप-निरीक्षक (SI) तरुण चौधरी
अछनेरा थाना: कारखास मुकेश यादव
“बिना रिश्वत के नहीं होता कोई काम” — विधायक चौधरी बाबूलाल
अपनी शिकायत में कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक चौधरी बाबूलाल ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के इन थानों व चौकियों में तैनात पुलिसकर्मी बिना पैसे लिए आम जनता का कोई काम नहीं करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा मनमाने तरीके से निर्दोष लोगों को प्रताड़ित और परेशान किया जा रहा है, जिसकी लगातार शिकायतें क्षेत्रीय जनता द्वारा उनके पास लाई जा रही थीं। विधायक ने स्पष्ट कहा कि ऐसे भ्रष्ट पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली से पूरा फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र त्रस्त है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को तत्काल निलंबित व बर्खास्त करने की मांग की है।
मामले की जांच शुरू, जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई: DCP आदित्य
इस हाई-प्रोफाइल मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए डीसीपी (पश्चिम) आदित्य ने बताया कि विधायक जी की ओर से शिकायत पत्र और संलग्न साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। लगाए गए सभी आरोपों की उच्चस्तरीय एवं गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

