प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP LIVE 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा):
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के नारों के बीच एक बार फिर दहेज प्रताड़ना से जुड़ा दर्दनाक मामला सामने आया है। थाना किरावली क्षेत्र के ग्राम कोरई में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि दहेज के लिए हत्या कर ससुराल वाले शव को गायब कर मौके से फरार हो गए। वहीं मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

बुलेट मोटरसाइकिल और अतिरिक्त दहेज की थी मांग
पीड़ित परिवार द्वारा किरावली थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, धौलपुर (राजस्थान) के बक्सपुरा निवासी बबलू ने अपनी बेटी खुशबू की शादी 02 जुलाई 2021 को कोरई गांव निवासी राकेश पुत्र कृष्णा सिंह के साथ अपनी हैसियत के मुताबिक लगभग 8 लाख रुपये खर्च करके की थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति राकेश, देवर सौरभ व भोला, सास यशोदा और ननद सोनिया खुशबू को कम दहेज का ताना देकर और बुलेट मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग को लेकर लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
रात 2 बजे मिली मौत की सूचना, मौके से गायब मिला शव
मृतका के पिता बबलू सिंह और चाचा पिंटू राजावत ने बताया कि रात करीब 2 बजे एक अनजान नंबर से उनके पास फोन आया, जिसमें खुशबू की मौत की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन धौलपुर से किरावली के कोरई गांव पहुंचे, लेकिन वहां घर पर न तो खुशबू का शव था और न ही ससुराल पक्ष का कोई सदस्य। परिजनों का गंभीर आरोप है कि देवर सौरभ शव को कहीं गायब करने की नीयत से ले गया था और पूरा परिवार मकान छोड़कर भाग खड़ा हुआ था।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, न्याय की मांग
अपनी लाडली का अंतिम बार चेहरा तक न देख पाने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किरावली थाने पहुंचे परिजनों ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का, तहरीर पर होगी कार्रवाई: ACP शैलेंद्र सिंह
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। इसके बावजूद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित परिवार द्वारा दी जा रही तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष विधिक कार्रवाई की जाएगी।

