प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP LIVE 24X7 खबर सच के साथ
आगरा:
आगरा की राजनीति से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ विधायक छोटेलाल वर्मा का आकस्मिक निधन हो गया है। उन्होंने नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही संपूर्ण आगरा जिले, भारतीय जनता पार्टी और उनके समर्थकों में भारी शोक की लहर दौड़ गई है।

दो दिन से बुखार से थे पीड़ित, हालत बिगड़ने पर किए गए थे रेफर
परिजनों व पार्टी सूत्रों के अनुसार, विधायक छोटेलाल वर्मा पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे। अचानक स्वास्थ्य अधिक बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
सांसद राजकुमार चाहर ने की निधन की पुष्टि, जताया गहरा शोक
फतेहाबाद सीकरी के माननीय सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने विधायक छोटेलाल वर्मा के आकस्मिक निधन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “छोटेलाल वर्मा जी का जाना पार्टी और आगरा की जनता के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे सदैव जनता के सुख-दुख में खड़े रहने वाले जमीनी नेता थे।”
5 बार विधायक रहे, जनता के बीच थी गहरी पैठ
छोटेलाल वर्मा आगरा क्षेत्र के एक कद्दावर और जनप्रिय नेता माने जाते थे। वे कुल 5 बार विधायक चुने गए और फतेहाबाद की जनता के दिल में खास जगह बनाई। उनके सादगीपूर्ण व्यवहार और क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पण के कारण हर वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ थी। उनके निधन से आगरा की राजनीति में एक बड़ा शून्य उत्पन्न हो गया है।
