रिपोर्ट: कृष्ण मुरारी अछनेरा UP Live 24X7 खबर सच के साथ
किरावली (आगरा): पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किरावली स्थित नेमीचंद एजुकेशन एकेडमी में ‘पृथ्वी दिवस’ (Earth Day) का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से पृथ्वी को बचाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का पुरजोर आह्वान किया।

मां सरस्वती के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री भूप सिंह इंदौलिया जी ने ज्ञान की देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारा घर है और इसे सुरक्षित रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों को पृथ्वी की देखभाल करने और प्रदूषण मुक्त भविष्य बनाने के लिए संकल्प लेने हेतु प्रेरित किया।
प्रस्तुतियों के जरिए दिखाई पृथ्वी की दयनीय दशा
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नाटकों, गीतों और प्रस्तुतियों के माध्यम से वर्तमान समय में हो रहे पर्यावरण दोहन और पृथ्वी की दयनीय स्थिति को उजागर किया। बच्चों ने अपने संदेशों के माध्यम से समझाया कि यदि हमने आज जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवन नहीं अपनाया, तो भविष्य संकट में पड़ सकता है।
भविष्य के खतरों के प्रति किया सचेत
प्रधानाचार्य श्री हरिकांत शर्मा जी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को विस्तार से समझाया। उन्होंने सचेत किया कि प्रकृति के साथ किया जा रहा खिलवाड़ भविष्य में भयानक परिणाम ला सकता है, इसलिए हमें आज से ही जागरूक होना होगा।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मंजू वर्मा ने किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों के साथ मिलकर पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखने की शपथ ली।

