रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
फतेहपुर सीकरी। सूरज के तल्ख तेवर और भीषण गर्मी के बीच इंसान तो जैसे-तैसे पानी का इंतजाम कर लेता है, लेकिन बेजुबान पक्षियों के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसी मानवीय संवेदना को समझते हुए ‘टीम कोरोना वॉरियर’ ने ऋषि और बॉक्सर रामू के सानिध्य में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था हेतु ‘परिंडा अभियान’ का आगाज किया है।
शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल
अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय राजमार्ग-21 स्थित ऋषि रामू चौराहे पर टीम के प्रमुख ऋषि द्वारा परिंडे बांधकर की गई। इस नेक कार्य में खास बात यह है कि ऋषि और रामू दोनों भाई गरीब बच्चों को निशुल्क प्राइवेट ट्यूशन दे रहे हैं। शिक्षा के बदले वे बच्चों से फीस नहीं लेते, बल्कि गुरुदक्षिणा के रूप में उनसे एक पौधा लगाने या एक परिंडा बांधने का संकल्प करवाते हैं। इस तरह वे शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण को भी सुदृढ़ बनाने की दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

स्वयं के खर्च पर सेवा कार्य
टीम के संयोजक ऋषि ने बताया कि उनकी टीम हर वर्ष गर्मियों में पक्षियों के लिए परिंडे लगाती है और उनमें नियमित रूप से पानी और दाना डालती है। वहीं, टीम के बॉक्सर रामू ने कहा, “भीषण गर्मी में हमें बेजुबानों की पीड़ा समझनी चाहिए। पक्षी हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का अहम हिस्सा हैं।” गौर करने वाली बात यह है कि टीम ऋषि रामू यह पूरा अभियान अपने निजी खर्च पर चला रही है।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
अभियान के तहत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और उन शहरी स्थानों को प्राथमिकता दी गई है जहाँ पानी की भारी किल्लत है। इस सेवा कार्य में स्कूल-कॉलेज की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान:
- कोरोना वॉरियर ऋषि
- बॉक्सर रामू
- पायल कुमारी, पूजा शर्मा
- कृपा राजपूत, मानवी शर्मा
- रोशनी, खुशी जाटव और कृष्णा
आदि मौजूद रहे और पर्यावरण संरक्षण के इस कार्य में अपना सक्रिय योगदान दिया।

