• Sat. Jul 4th, 2026

UP LIVE 24X7

India #1 News Platform

किरावली: महुअर में जर्जर सड़क और टूटी नालियों को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 30 जून को महा-आंदोलन का एलानकिरावली: महुअर में जर्जर सड़क और टूटी नालियों को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 30 जून को महा-आंदोलन का एलान
Spread the love

प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ

रिपोर्टर कृष्ण मुरारी उपाध्याय

किरावली (आगरा)। विकास खंड अछनेरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम महुअर और आसपास के क्षेत्रों में खस्ताहाल बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का सब्र अब पूरी तरह टूट गया है। पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) की घोर लापरवाही के खिलाफ किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह की अगुवाई में दर्जनों ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (SDM) किरावली अभिनव पाठक को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क व नालियों की मरम्मत नहीं हुई, तो 30 जून से प्रभावित ग्रामीणों के साथ तहसील परिसर में उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

10 साल से नहीं हुई मरम्मत, सड़क पर बह रहा है नाली का गंदा पानी

शिकायती पत्र के अनुसार, लोक निर्माण विभाग ने कई वर्ष पूर्व (करीब 10 साल पहले) महुअर में नाले के पुल से लेकर गांव थापी नाले के पुल (आगरा-अछनेरा रोड) तक सड़क का निर्माण कराया था। लेकिन लंबे समय से इस मार्ग की कोई सुध नहीं ली गई है, जिससे यह पूरी तरह जर्जर हो चुका है।

इसके साथ ही नाले के पुल से लेकर पाली सदर तक सड़क किनारे बनी नालियां भी पूरी तरह टूट-फूट गई हैं। नालियां ध्वस्त होने के कारण पाली गांव का गंदा और बदबूदार पानी सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों का निकलना दूभर हो गया है।

कंपोजिट स्कूल के बच्चों का भविष्य दांव पर, झेल रहे परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि पाली में स्थित कंपोजिट स्कूल होने के कारण जखा और महुअर सहित आसपास के गांवों से मासूम बच्चे रोजाना इसी कीचड़ और टूटी सड़क से होकर पढ़ने के लिए आते-जाते हैं। खस्ताहाल रास्तों के कारण आए दिन स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे अभिभावकों में भारी आक्रोश है।

SDM को ज्ञापन सौंपकर आर-पार की लड़ाई का शंखनाद

किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह और प्रार्थी मुकेश सविता (निवासी ग्राम व पोस्ट- बरौदा सदर) ने ग्रामीणों के साथ किरावली तहसील मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांगें बुलंद कीं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को साफ लहजे में कह दिया है कि लोक निर्माण विभाग की इस तानाशाही और लापरवाही को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि 30 जून से पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क और नालियों के जीर्णोद्धार का काम धरातल पर शुरू नहीं कराया गया, तो ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।

इस दौरान ज्ञापन सौंपने के मौके पर मुख्य रूप से मुकेश सविता, मुकेश कुमार, अनुज पंडित, गंगाराम माहौर, प्रवीन राजपूत, केशव बघेल, रामखिलाड़ी कुशवाह और अन्नू ठाकुर सहित भारी संख्या में प्रभावित ग्रामीण और जागरूक युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *