फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा। जनसेवा और क्षेत्रीय विकास के संकल्प के साथ हुई इस चर्चा में मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

प्रमुख मांगें और चर्चा के मुख्य बिंदु: फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल
- किसानों के लिए सिंचाई और पेयजल: राजस्थान सीमा से सटे 70-80 गांवों में सिंचाई के साधनों के अभाव का मुद्दा उठाया गया। विधायक ने मांग की कि किसानों की असिंचित भूमि और पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए एक विशेष प्रोजेक्ट बनाकर कार्य शुरू किया जाए।
- महाराजा सूरजमल की प्रतिमा: विधानसभा क्षेत्र में महाराजा सूरजमल जी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया।
- खेल सुविधाओं का विस्तार: किरावली स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए सभी आधुनिक और आवश्यक सुविधाएं यथाशीघ्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
- शिक्षा और रोजगार: किरावली में आईटीआई (ITI) भवन बनकर तैयार है, लेकिन शिक्षण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। विधायक ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए यहाँ कक्षाएं तुरंत शुरू करने की मांग की।
- बुनकरों का उत्थान: फतेहपुर सीकरी के प्रसिद्ध दरी और गलीचा बुनकरों के लिए प्रशिक्षण केंद्र और सरकारी खरीद केंद्र खोलने का प्रस्ताव दिया, ताकि बिचौलियों के बिना उन्हें अपनी मेहनत का सही दाम मिल सके।
- पेयजल और सफाई व्यवस्था: विधानसभा में खराब पड़ी TTSP टंकियों को चालू करने और ‘डूडा’ (DUDA) विभाग के माध्यम से मलिन बस्तियों में सीसी रोड, इंटरलॉकिंग और नालियों के निर्माण के लिए बजट आवंटित करने की मांग रखी गई।
मुख्यमंत्री का आश्वासन: विधायक चौधरी बाबूलाल द्वारा उठाए गए इन गंभीर जनहित के मुद्दों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें भरोसा दिलाया कि क्षेत्रीय विकास के इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

