खबर : शनि कश्यप रिपोर्टर आगरा सदर
आगरा: शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले हुड़दंगियों पर लगाम लगाने के लिए थाना सदर पुलिस ने कमर कस ली है। इसी क्रम में बंदू कटरा चौकी के पास पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
आगरा के बंदू कटरा में पुलिस का सख्त अभियान
पटाखा छोड़ने वाली बुलेट पर सख्त कार्रवाई
चेकिंग के दौरान पुलिस का मुख्य फोकस उन बुलेट सवारों पर रहा जो मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए सड़कों पर पटाखों जैसी आवाज निकालकर दहशत और प्रदूषण फैलाते हैं। चौकी प्रभारी मोहित मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऐसी कई मोटरसाइकिलों को रोककर उनके खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि साइलेंसर के साथ छेड़छाड़ कर शांति भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मौके पर मुस्तैद रही टीम
इस कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी मोहित मलिक के साथ दरोगा सचिन कुमार, मोहित चौधरी एवं अन्य पुलिसकर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहे। चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और कागजात अधूरे मिलने पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस सक्रियता को देखकर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि तेज आवाज वाले साइलेंसर बुजुर्गों और मरीजों के लिए बड़ी समस्या बने हुए थे। पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में अवैध रूप से बदलाव न कराएं।
