रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
फतेहपुर सीकरी: क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगरिया ताजपुर में गुरुवार को शिक्षा की अलख जगाने और बच्चों में नियमित उपस्थिति की आदत डालने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों को, बल्कि उनके अभिभावकों को भी शिक्षा के महत्व से जोड़ा गया।
बेहतर उपस्थिति पर छात्राओं और माताओं का सम्मान
विद्यालय की सहायक अध्यापिका रेनू भारद्वाज की पहल पर उन बालिकाओं और उनकी माताओं को सम्मानित किया गया, जिनकी विद्यालय में उपस्थिति 70 प्रतिशत से अधिक रही। चयनित बालिकाओं और उनकी माताओं को पुष्प भेंट कर और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अनूठी पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रतिदिन स्कूल आने के लिए प्रेरित करना और माताओं को उनकी शिक्षा के प्रति सक्रिय बनाना है।

अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण: रेनू भारद्वाज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक अध्यापिका रेनू भारद्वाज ने कहा:
“किसी भी बच्चे की शैक्षिक सफलता में उसके अभिभावकों, विशेषकर माता की भूमिका सबसे अहम होती है। यदि माताएं जागरूक होंगी, तो बच्चे कभी स्कूल से अनुपस्थित नहीं रहेंगे। हमारा लक्ष्य है कि हर बच्चा प्रतिदिन स्कूल आए ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।”
छात्राओं और अभिभावकों ने लिया संकल्प
सम्मान पाकर उत्साहित छात्राओं ने भविष्य में और भी अधिक नियमित रहने का संकल्प लिया। वहीं, उपस्थित माताओं ने विद्यालय प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई और नियमितता पर विशेष ध्यान देंगी। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के साथ-साथ बड़ी संख्या में अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

