प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP LIVE 24X7 खबर सच के साथ
अछनेरा (आगरा):
थाना अछनेरा क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी बाईपास एचपी पेट्रोल पंप के सामने स्थित एक बंद पड़े होटल/ढाबे पर बीती रात दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने डाका डालकर लाखों रुपये का सोलर सिस्टम व बैटरे पार कर दिए। विरोध करने पर बदमाशों ने ढाबे पर सो रहे पीड़ित के भाई की छाती पर तमंचा/रिवॉल्वर तान दी और जान से मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

सोते हुए भाई को बनाया बंधक, साफी से दबाया मुंह
थाना अछनेरा के ग्राम रैपुरा अहीर निवासी सत्य प्रकाश पुत्र गंधर्व सिंह (पूर्व प्रधानपति) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दक्षिणी बाईपास पर उनका ‘जय मां अम्बे’ नाम से होटल/ढाबा है, जो पिछले करीब तीन महीनों से बंद पड़ा हुआ है। होटल की छत पर 5 kW का सोलर सिस्टम लगा हुआ था।
दिनांक 19 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच उनका छोटा भाई चंद्रप्रकाश होटल पर सो रहा था। इसी दौरान काले रंग की चार पहिया (फोर-व्हीलर) गाड़ी से 4 से 5 अज्ञात बदमाश पहुंचे और छत पर चढ़कर सोलर पैनल के 4 बड़े बैटरे खोल लिए।
इन्वर्टर गिरने पर हुई आहट, रिवॉल्वर तानकर दी धमकी
बदमाश जब इन्वर्टर उतार रहे थे, तो वह हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। आवाज सुनकर जब चंद्रप्रकाश की नींद खुली और उसने “कौन हो?” पूछा, तो दो बदमाश तुरंत उस पर झपट पड़े। एक बदमाश ने चंद्रप्रकाश की छाती पर रिवॉल्वर तान दी और दूसरे ने साफी (गमछे) से उसका चेहरा व मुंह दबा दिया। बदमाशों ने धमकी दी कि “अगर जरा सी भी आवाज निकाली तो गोली मार देंगे”। इसके बाद बदमाश मोबाइल मांगने लगे, लेकिन मोबाइल दुकान के अंदर चार्जिंग पर लगा था और शटर बंद था।
काले रंग की गाड़ी से फरार हुए बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
चारों बैटरे और इन्वर्टर को अपनी गाड़ी में लादकर जब बदमाश फरार हो गए, तब पीड़ित ने किसी तरह उठकर देखा। अंधेरा होने के कारण गाड़ी का सटीक नंबर पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही डायल 112 और चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित पूर्व प्रधानपति सत्य प्रकाश ने अछनेरा थाने में तहरीर देकर बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

