रिपोर्ट: प्रदीप चौधरी चैनल हेड UP Live 24X7 खबर सच के साथ
आगरा। जनपद में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की दावों के बीच थाना किरावली की मिढ़ाकुर चौकी एक बार फिर विवादों में है। सोशल मीडिया पर शुक्रवार सुबह करीब 2 मिनट 45 सेकंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी वर्दी में दिखाई दे रहा है, जिसमें कथित तौर पर अपमानजनक और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का दावा है कि इसमें सुनाई दे रही आपत्तिजनक टिप्पणियां चौकी प्रभारी की हैं, जो शिकायतकर्ता को “जूतों से पीटने” की धमकी दे रहे हैं।
नोट: UP LIVE 24X7 इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
DCP से शिकायत करने पर भड़के चौकी प्रभारी, मांगी 1 लाख की रिश्वत!
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक व्यक्ति ने चौकी प्रभारी पर 1 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत जब पीड़ित ने सीधे पुलिस उपायुक्त (DCP) से की, तो चौकी प्रभारी आगबबूला हो गए। वायरल वीडियो में कथित रूप से इसी बात की नाराजगी दिख रही है, जहां कहा जा रहा है कि “वह चौकी पर आया तो उसे जूतों से पीटूंगा।”
सरपंच ने भी लगाए गंभीर आरोप, सम्मान की रक्षा की मांग
अब सकतपुर गांव के सरपंच रामप्रकाश सोलंकी भी चौकी प्रभारी के खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं। सरपंच का आरोप है कि गांव के एक मामले में पीड़ित पक्ष का समर्थन करने पर उनके साथ चौकी में बेहद अमर्यादित और अभद्र व्यवहार किया गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सरपंच ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर अपने सम्मान की रक्षा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मिढ़ाकुर चौकी के खिलाफ शिकायतों की लंबी फेहरिस्त
यह कोई पहला मामला नहीं है, जब मिढ़ाकुर चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हों। हाल के दिनों में उच्च अधिकारियों के पास ऐसी दर्जनों शिकायतें पहुंची हैं:
- पूर्व सैनिक सत्यवीर सिंह का आरोप: उनके परिवार पर जानलेवा हमला हुआ, मुकदमा भी दर्ज हुआ लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। आरोप है कि कार्रवाई के बदले रुपयों की मांग की गई और पैसे न देने पर केस को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
- जितेंद्र सिंह (नगला सिकरवार) का आरोप: ट्रैक्टर चोरी के मामले में पर्याप्त साक्ष्य और नाम सामने आने के बावजूद पुलिस ने सभी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की।
- गंगा सिंह (सकतपुर) का आरोप: पुरानी रंजिश में हुए जानलेवा हमले की विवेचना के दौरान पुलिस ने मिलीभगत कर मामले से गंभीर धाराएं हटा दीं।
- सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: चौकी क्षेत्र के गांव बरौदा सदर में एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरियों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है।
जनता का उठ रहा विश्वास, कार्रवाई की मांग
लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार, अभद्रता और ढुलमुल रवैये के मामलों के बाद स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप सही हैं, तो उच्चाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जिम्मेदार पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि खाकी पर जनता का विश्वास बहाल हो सके।

